भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत की दिशा में एक नई पहल करते हुए अपने काफिले में इलेक्ट्रिक वाहन (EV) शामिल किया है। इसके साथ ही वे देश के पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं जिन्होंने आधिकारिक काफिले में इलेक्ट्रिक कार को स्थान दिया है। मुख्यमंत्री ने महिंद्रा XEV 9e इलेक्ट्रिक कार से मुख्यमंत्री निवास से स्टेट हैंगर तक यात्रा की।
कंपनी के अनुसार यह कार एक बार चार्ज होने पर लगभग 500 किलोमीटर तक चल सकती है। कार का पंजीयन नंबर MP-02-VB-2047 है, जिसे विकसित भारत 2047 के लक्ष्य से जोड़कर देखा जा रहा है। आधुनिक तकनीक और 360 डिग्री कैमरे से लैस यह वाहन पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देगा।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव पहले भी सादगी और मितव्ययता की मिसाल पेश करते रहे हैं। उन्होंने कहा है कि विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण भी जरूरी है। उनकी यह पहल स्वच्छ ऊर्जा और हरित भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।






