(बुरहानपुर से दानिश रज़ा खान) बुरहानपुर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बुरहानपुर द्वारा आज सचिव/अपर जिला न्यायाधीश श्री नरेन्द्र पटेल के मार्गदर्शन में ऑनलाईन मध्यस्थता जागरूकता एवं निःशुल्क विधिक सहायता विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें शासकीय महाविद्यालय बुरहानपुर के प्राचार्य श्री सुशील सोमवंशी, बाल कल्याण समिति सदस्य श्री राजेन्द्र सलूजा, श्रीमति रजनी गट्टानी, पी0एल0व्ही0 श्री संदीप शर्मा, श्रीमति मेघा भीडे़, श्री एल.एल. लौवंशी, श्री सुनील सेन, श्री मुकेश दरबार, श्री चौहान, श्री नरेन्द्र सिंह चौहान, श्री सुशील सहित सदस्यगण उपस्थित रहें।
ऑनलाईन कार्यशाला को संबोधित करते हुए श्री पटेल ने बताया कि मध्यस्थता के माध्यम से विवाद का समाधान बहुत ही सरल तरीके से किया जा सकता है। गांवों में पहले के समय में चौपालो के माध्यम से पंचों द्वारा विवाद का समाधान निकाला जाता था। उसी प्रकार आज मध्यस्थता के माध्यम से किसी भी प्रकार के विवाद का समाधान निकाला जा सकता है और धन, समय के साथ-साथ मानसिक त्रास से दोनों पक्षों को छुटकारा मिलता है। जिससे शांति बनी रहती है। मध्यस्थता की कार्यवाही को गोपनीय रखा जाता है।
उन्होंने बताया कि निःशुल्क विधिक सहायता पाने के लिए अनुसूचित जाति/जनजाति का सदस्य, महिला या बालक, मानसिक रूप से अस्वस्थ्य, औद्योगिक कर्मकार, अभिरक्षा या जिसकी आय दो लाख से कम हो, वे सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
ऑनलाईन कार्यशाला को संबोधित करते हुए शासकीय महाविद्यालय बुरहानपुर के प्राचार्य श्री सोमवंशी ने बताया कि मध्यस्थता एक ऐसा माध्यम है जिसमें दोनों पक्ष जीतते है कोई नहीं हारता एवं इसके माध्यम से समझाईश दी जाकर सरलता से विवाद का समाधान किया जा सकता है। पी.एल.व्ही श्री संदीप शर्मा ने बताया कि मध्यस्थता एक उचित माध्यम है जिससे सभी लोग अपने आपसी विवाद को मध्यस्थता के माध्यम से निपटा सकते हैं। कार्यशाला का कुशल संचालन महिला एवं बाल विकास विभाग से श्री सुनील सेन तथा आभार प्रदर्शन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी लोकेश स्वामी ने किया।







