लोकहित में कार्यदिवस पूर्ववत करने की उठी आवाज
दानिश रज़ा खान बुरहानपुर। कोरोना काल में लागू हुए शनिवार अवकाश को समाप्त कर शासकीय कार्यालयों को पूर्ववत छह दिन खोले जाने की मांग जोर पकड़ रही है। सामाजिक कार्यकर्ता एवं बुरहानपुर मज़दूर यूनियन अध्यक्ष ठाकुर प्रियांक सिंह ने इस संबंध में मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपा है।
ठाकुर प्रियांक सिंह ने कहा कि 8 अप्रैल 2021 को कोविड-19 के चलते मध्यप्रदेश सरकार ने सरकारी कार्यालयों के कार्यदिवस सोमवार से शुक्रवार तक सीमित कर दिए थे। हालांकि, यह आदेश 31 अक्टूबर 2021 तक ही प्रभावी था, लेकिन उसके बाद भी बिना किसी नए सरकारी आदेश के शासकीय कार्यालय शनिवार को बंद रखे जा रहे हैं। इससे आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और सरकारी कामकाज की पेंडेंसी बढ़ रही है।
भीम सेना अध्यक्ष सचिन गाढ़े ने भी शनिवार अवकाश को असंवैधानिक बताते हुए कहा कि अगर 15 दिनों में सरकार इस संबंध में निर्णय नहीं लेती तो जनता को अपने अधिकारों के लिए धरना प्रदर्शन करना पड़ेगा।