- जनसंघ के अध्यक्ष रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय एक बार आए थे अग्रवाल के निवास पर
बुरहानपुर। भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज लधवे ने शुक्रवार को कमल पुष्प अभियान के तहत ग्राम फोपनार में जनसंघ व भाजपा के पुराने कार्यकर्ता हुकुमचंद अग्रवाल से उनके निवास पर भेंट की। अभियान के तहत भाजपा नेता पुराने कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंच रहे हैं। इसी के तहत श्री लधवे ने हुकुमचंद अग्रवाल से भेंट की।
गौरतलब है कि हुकुमचंद अग्रवाल के पिता श्री पूनमचंद अग्रवाल जनसंघ के प्रथम अध्यक्ष रहे। बुरहानपुर के प्रवास के दौरान पंडित दीनदयाल उपाध्याय का आपके निवास पर भी आना हुआ। भेंट के दौरान हुकुमचंद अग्रवाल ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के उस बुरहानपुर प्रवास कार्यक्रम का 54 वर्ष पुराना आमंत्रण पत्र भी भेंट किया। जिसे उन्होंने इतने वर्षों तक अपने पास संजोकर रखा था। वर्तमान में भाजपा का जो व्यापक रूप देखा जा रहा है वह भाजपा के स्व. पूनमचंद अग्रवाल, हुकुमचंद अग्रवाल जैसे कर्मठ और निष्ठावान कार्यकर्ताओं के परिश्रम का ही एक फल है। इस दौरान श्री अग्रवाल ने भाजपा जिलाध्यक्ष श्री लधवे से विभिन्न चुनावों में जनसंघ और फिर भाजपा का राजनीति में उतार चढ़ाव और अनुभव साझा किए।