भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड के संचालक मंडल की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा और पीएम ई-बस सेवा के तहत बस संचालन की विस्तृत योजना पर चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि बसों का संचालन सबसे पहले इंदौर संभाग से शुरू होगा।
योजना के तहत इंदौर शहर में जुलाई से 150 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। साथ ही इंदौर से प्रदेश के विभिन्न जिलों, उपनगरीय क्षेत्रों और महाराष्ट्र, गुजरात, राजस्थान तथा उत्तर प्रदेश के लिए अंतर्राज्यीय बस सेवाएं भी शुरू की जाएंगी। इंदौर क्षेत्र में कुल 250 मार्गों पर 1688 बसों के संचालन का प्रस्ताव है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बस सेवाओं और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए। सरकार ने स्पष्ट किया है कि नई परिवहन व्यवस्था से वर्तमान में संचालित निजी बसों के परमिट और संचालन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।







