भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर प्रदेशभर में 12 से 18 जून 2026 तक जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का उद्देश्य पात्र नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। प्रत्येक विकासखंड और नगरीय निकाय मुख्यालय पर तीन दिवसीय शिविर लगाए जाएंगे।
शिविरों में विभिन्न विभागों की योजनाओं के लिए आवेदन, पंजीयन, स्वीकृति और लाभ वितरण की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध रहेगी। साथ ही सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा गारंटी अधिनियम, राजस्व प्रकरणों और अन्य लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ और जिला स्तरीय अधिकारी मौके पर उपस्थित रहकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करेंगे। शिविरों में हितग्राही संवाद, लाभ वितरण, सफलता की कहानियां, जनजागरूकता कार्यक्रम और विकास कार्यों की प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी।






